पान खाने गए युवक पर जानलेवा हमला, गला रेतकर हत्या का प्रयास; आरोपी गिरफ्तार

सारंगगढ़। छत्तीसगढ़ केसारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के ग्राम नवरंगपुर में एक पान दुकान पर पान खाने गए व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। 40 वर्षीय लखन बारेठ, जो पान ठेले पर गया था, उस पर गांव के ही युवक जितेंद्र सिदार ने अचानक पीछे से हमला कर चाकू से गला रेत दिया। हमले के बाद लखन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल लखन को तुरंत सारंगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। आरोपी युवक जितेंद्र सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या के प्रयास का है और जल्द ही हमले के पीछे की असली वजह का खुलासा किया जाएगा। ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।





