बिलासपुर में राज्य महिला आयोग की सुनवाई, 30 मामलों का हुआ निपटारा

बिलासपुर: राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमई नायक सोमवार को बिलासपुर पहुंचीं, जहां महिला संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 30 केसों का निपटारा किया गया। बचे हुए अन्य मामलों को रायपुर ट्रांसफर कर दिया गया है।
किरणमई नायक ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सुनवाई के दौरान कई तरह के मामले सामने आए। एक केस में युवक ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक लड़की से झूठ बोलकर शादी कर ली थी। इस मामले में आपसी सहमति से समझौता करवाया गया।
लव जिहाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लड़कियों को कम उम्र में भागकर शादी करने से बचना चाहिए। पहले अपने करियर पर ध्यान दें और फिर सोच-समझकर फैसला लें।
राजा रघुवंशी हत्याकांड में उनकी पत्नी सोनम की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं की अत्यधिक महत्वाकांक्षाएं और दबाव में की गई शादियां भी इस तरह की घटनाओं का कारण बन सकती हैं।
अंत में उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि अगर उनके साथ किसी भी तरह का उत्पीड़न हो रहा है, तो वे महिला आयोग में शिकायत जरूर दर्ज करें। महिला आयोग हमेशा न्याय दिलाने और हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।





