सूत- सारथी समाज का प्रदेश स्तरीय विशाल सम्मेलन संपन्न

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ के सूत-सारथी समाज का बहुप्रतीक्षित प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन 7 और 8 जून को भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह दो दिवसीय आयोजन समाज की एकता, जागरूकता और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रखा गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत पहले दिन सामाजिक महासम्मेलन और परिचर्चा से हुई, जिसमें शहर विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समाज को संगठित रहने और अपनी संस्कृति को सहेजने का संदेश दिया।
दूसरे दिन युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विवाह योग्य युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे और समाज के प्रयासों की सराहना की।
शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों से भी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस आयोजन में समाज की सांस्कृतिक विरासत और युवा शक्ति की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना, आपसी रिश्तों को मजबूत करना और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना रहा।
इस सम्मेलन ने साबित किया कि एकजुटता और सामूहिक प्रयासों से समाज को नई दिशा दी जा सकती है।





