7 लाख से ज्यादा के सरिया के साथ ट्रक ड्राइवर फरार, कारोबारी ने दर्ज कराई FIR

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में सरिया लेकर निकला एक ट्रक चालक 7.80 लाख रुपए की सामग्री लेकर फरार हो गया। घटना के बाद कारोबारी ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, चांपा निवासी मोहसिन रजा (32) रायगढ़ के पूंजीपथरा स्थित अजय इंगाड रोलिंग मिल में एचआर हेड के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को मिल से 15 टन सरिया जैजैपुर बाराद्वार स्थित भगतराम अग्रवाल को भेजा जाना था। इसके लिए साहू रोड लाइन ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से ट्रक की व्यवस्था की गई थी। ट्रक चालक राधेश्याम साहू, जो ओडिशा के बाबूपाली का रहने वाला है, वहां पहुंचा और उसके ट्रक में 7 लाख 80 हजार 398 रुपए का सरिया लोड किया गया। बिल्टी और अन्य दस्तावेज सौंपकर उसे रवाना कर दिया गया।
रविवार को मोहसिन रजा को पता चला कि सरिया अब तक गंतव्य पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने चालक राधेश्याम से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह खरसिया के भद्री चौक के पास है। लेकिन एक घंटे बाद जब फिर से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। काफी खोजबीन के बावजूद चालक और ट्रक का कुछ पता नहीं चलने पर मोहसिन रजा ने बुधवार को पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ धारा 316(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।





