RTO suspended: नहर के मुआवजा प्रकरण में करोड़ों की हेराफेरी, RTO सस्पेंड

RTO suspended: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने बिलासपुर RTO आनंद रूप तिवारी को सस्पेंड कर दिया है। कोटा के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) रहते हुए तिवारी पर अरपा भैंसाझार, चकरभाटा, नहर निर्माण के लिए की गई भू-अर्जन की कार्रवाई में गड़बड़ी करने के आरोप थे।निलंबन के बाद उन्हें संभाग आयुक्त कार्यालय मे अटैच कर दिया गया है। तिवारी के सस्पेंशन ऑर्डर में यह भी कहा गया है कि इसकी वजह से सरकार को आर्थिक क्षति हुई है।
अधिकारी की हरकत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के प्रावधानों के अनुरूप नहीं थी। कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरती गई, इस वजह से एक्शन लिया गया है। बिलासपुर के अरपा भैंसाझार परियोजना में एक ही खसरे का अलग-अलग रकबा दिखाकर मुआवजा बांटने में 3 करोड़ 42 लाख 17 हजार 920 रुपए की अनियमितता की गई।
तब कोटा के तत्कालीन SDM आनंद रूप तिवारी, कीर्तिमान सिंह राठौर समेत अन्य अफसरों को दोषी पाया गया था, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं की गई थी। बताया जा रहा है कि बिलासपुर के कुछ सफेदपोश भूमाफियाओं को लाभ पहुंचाने ये सब खेल खेला गया था।अगर इस मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से हुई तो जांच की आंच उन सफेदपोश माफियाओं तक भी पहुंचेगी, जो इस मुआवजा प्रकरण में लंबी राशि को चुपचाप दबाकर बैठ गए हैं। मामला सुर्खियों में आने के बाद पीछे से इस मामले को दबाने के लिए वे सभी पूरी ताकत लगाए बैठे थे मगर अब सरकार की नजर इस प्रकरण पर चली गई है।





