Rape case: दुष्कर्मी रेलवे अफसर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पार्टी के बहाने नर्स से किया था रेप

Rape case: बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन में तैनात डिप्टी स्टेशन सुप्रिटेंडेंट फिरतू राम पटेल को एक नर्स से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि रेलवे मेडिकल यूनिट में काम करने वाली निजी अस्पताल की नर्स को आरोपी ने पार्टी का झांसा देकर 17 मई को अपने गणेश वैली स्थित घर बुलाया, जहां जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने लोक लाज के चलते किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन अंततः 10 दिन बाद परिजनों को जानकारी देकर सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जब आरोपी उसके घर पर नहीं मिला तो स्टेशन जाकर उसे ऑफिस से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी उससे अलग रहती है और तलाक की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।





