जनदर्शन में उमड़ी भीड़ ने खोली सुशासन की पोल, कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं

बिलासपुर: जिले में सुशासन तिहार के तहत भले ही प्रशासन हजारों आवेदनों और शिकायतों के निराकरण का दावा कर रहा हो, लेकिन हकीकत कुछ और ही दिख रही है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिससे प्रशासन के दावों की पोल खुलती नजर आई।
जनदर्शन में सबसे ज्यादा शिकायतें आवास योजनाओं से जुड़ी रहीं। कई लोगों ने बताया कि पात्र होने के बावजूद उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की समस्या भी प्रमुख रूप से सामने आई। कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, कुछ लोगों ने बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के चलते आर्थिक सहायता की मांग की।
जनदर्शन में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत का समय-सीमा में समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ जरूर मिले और हर मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
जनदर्शन के साथ ही सोमवार को टीएल बैठक भी हुई, जिसमें कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में मिले आवेदन और लंबित मामलों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।





