भूपेश बघेल एक दिन के दिल्ली दौरे पर, ओबीसी नेताओं के साथ अहम बैठक में होंगे शामिल

रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज एक दिन के दौरे पर दिल्ली पहुंचे। वे वहां कांग्रेस के ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) विभाग की एक अहम बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक दिल्ली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में हो रही है।
दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा जातिगत जनगणना की बात उठाने के बाद पूरे देश में इस मुद्दे पर एक सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से देश में आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।
बघेल ने यह भी कहा कि इस काम में समय और पैसा जरूर लगेगा, लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इसी को लेकर देशभर से ओबीसी वर्ग के नेता दिल्ली में जुट रहे हैं और इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इस बैठक में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के ओबीसी विभाग से जुड़े कुंवर सिंह निषाद, रामकुमार यादव, संदीप साहू और कुछ अन्य विधायक भी शामिल होंगे।





