BREAKING: कोरबा में आकाशीय बिजली की चपेट में आए दो सगे भाई, एक की हालत गंभीर

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुदमुदा वन मंडल के डोमाडीह गांव में दो सगे भाई मछली पकड़ने के दौरान अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। 52 वर्षीय राम सिंह बिंझवार और 49 वर्षीय धरम सिंह बिंझवार रविवार तड़के सुबह गांव के पास तालाब में मछली पकड़ रहे थे, तभी मौसम अचानक बिगड़ गया।

हल्की बारिश के साथ तेज बिजली चमकने लगी। दोनों भाई तालाब से बाहर निकले और पास के पेड़ के नीचे खड़े हो गए, जहां वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी पर उनके परिजन मोटरसाइकिल लेकर मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से गंभीर रूप से घायल राम सिंह बिंझवार को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के अनुसार राम सिंह की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि धरम सिंह की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों का इलाज जारी है। राम सिंह के दामाद रामनारायण बिंझवार ने बताया कि दोनों भाई सुबह ही मछली पकड़ने निकले थे और उन्हें फोन पर जानकारी मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज काफी खराब है। हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली कड़कती रहती है, जिससे गांव और आसपास के किसान परेशान हैं। जिले में रविवार को कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कई जगह हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने की घटनाएं भी हुईं। नकटी खार के किसान अजीत दास महंत ने बताया कि वे पिछले कई सालों से डबल फसल की खेती कर रहे हैं, लेकिन इस बार मौसम खराब होने और लगातार बारिश के कारण उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button