Corporation News: निगम प्रशासन की अनदेखी, 700 झोपड़ियां उजाड़ी, लेकिन 1 साल बाद भी नहीं बना बाजार और गार्डन

Corporation News: बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम द्वारा चांटीडीह मेलापारा क्षेत्र में झुग्गियों को हटाए हुए एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन जिस विकास योजना के तहत यह कदम उठाया गया था, वह अब तक धरातल पर उतरती नहीं दिख रही है। नगर निगम ने बड़े दावों के साथ 20.44 एकड़ भूमि को खाली कराया था, जिसमें 700 से अधिक झोपड़ियाँ थीं।

तत्कालीन योजना के अनुसार, इस भूमि में से 13.94 एकड़ को आवासीय कॉलोनी, 0.93 एकड़ को व्यावसायिक परिसर और 5.57 एकड़ को गार्डन के रूप में विकसित किया जाना था। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी तैयार की गई थी और अधिकारियों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू होने के दावे किए थे।

लेकिन आज, एक वर्ष बाद भी न तो कोई व्यावसायिक गतिविधि शुरू हो पाई है और न ही गार्डन का नामोनिशान है। पूरा क्षेत्र अब भी खाली पड़ा हुआ है और नगर निगम की योजना फाइलों में ही दबी रह गई है। अधिकारियों की ओर से अब कोई स्पष्ट जवाब भी नहीं मिल रहा है कि आगे क्या होगा। स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि झोपड़ियाँ उजाड़कर वादे किए गए थे, लेकिन नतीजा सिर्फ वीरानी और अनिश्चितता निकला।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button