अडानी पावर प्लांट 15 साल के लड़के की मौत, पुलिस जुटी जांच में

कोरबा। जिले के अडानी पावर प्लांट में चोरी की कोशिश के दौरान एक 15 साल के नाबालिग की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित पावर प्लांट में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, चिंतामणि बिंझवार नाम का लड़का अपने दोस्तों के साथ प्लांट की दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान वह 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह करीब 15 फीट ऊंची दीवार से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं।
परिजनों ने बताया कि चिंतामणि ने पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और अक्सर दोस्तों के साथ घूमता रहता था। सोमवार को वह खेलने के बहाने घर से निकला था, लेकिन फिर यह दुखद हादसा हो गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।





