कोकीन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों की संपत्ति जब्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रग्स बेचने वाले तस्करों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई एसीसीयू की टीम ने की है। आरोपियों का नाम शुभांक पॉल, सागर पीटर और सिद्धार्थ पांडेय बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर में न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित रामरामा रेसिडेंसी के पास एक चारपहिया वाहन में प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन रखे होने की सूचना एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर चारपहिया वाहन और उसमें बैठे व्यक्तियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभांक पॉल (35), सागर पीटर (33) और सिद्धार्थ पाण्डेय (34) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान 7.48 ग्राम कोकीन, नगद रकम, तीन आईफोन और एक वाहन (CG/04/MV/1022) बरामद किया गया जिसकी कीमत लगभग 9 लाख रुपए आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 96/2025 के तहत धारा 21, 22 नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।





