घर में लगी आग, पैरालिसिस पीड़ित बुजुर्ग जिंदा जला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम परसाई में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। 65 वर्षीय बुजुर्ग शिवप्रसाद खिलाड़ी, जो पैरालिसिस से पीड़ित थे, घर में लगी आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। हादसे के वक्त वे घर में अकेले थे और शरीर से लाचार होने की वजह से भाग नहीं सके।
एएसपी पद्मश्री तंवर के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद जब टीम ने घर के भीतर जाकर देखा तो शिवप्रसाद का शव पूरी तरह झुलसा हुआ पाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त शिवप्रसाद की पत्नी किसी काम से बाहर गई हुई थी, और घर में कोई और नहीं था।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि कहीं यह आग लापरवाही या किसी अन्य कारण से तो नहीं लगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।





