बिलासपुर में डॉन बनने का शौक पड़ा महंगा, गुंडागर्दी करने वाले 9 बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर। इंस्टाग्राम पर खुद को ‘डॉन’ बताकर रील्स बनाने और गुंडागर्दी करने वाले बदमाशों को पुलिस ने सबक सिखाया है। पुलिस ने 3 नाबालिग समेत 9 युवकों को गिरफ्तार किया और उनका जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान सभी आरोपी कान पकड़कर उठक-बैठक करते नजर आए और बोले कि अब दोबारा गुंडागर्दी नहीं करेंगे।

सरकंडा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में इन बदमाशों ने चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया था। साथ ही सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर खुद को डॉन बताकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस को जब इनकी करतूतों की जानकारी मिली, तो तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया।

पकड़े गए युवकों में हिमांशु श्रीवास, अमन लहरे, सहारा यादव, गौकरण उर्फ कोंदू साहू, सुदामा साहू, नंदराम श्रीवास, अभिषेक गोस्वामी, करण यादव उर्फ केडी, खिंटू साहू उर्फ टंकू और गणेश यादव उर्फ दादू शामिल हैं।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह सख्ती लोगों में कानून का डर बनाए रखने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए जरूरी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button