केवाईसी अपडेट नहीं, 10 हजार किसान सम्मान निधि से वंचित

बिलासपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 1.12 लाख किसान हर साल 6 हजार रुपए की मदद पा रहे हैं। लेकिन अब भी 10 हजार से ज्यादा किसान ऐसे हैं जिन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसकी वजह है – केवाईसी अपडेट न होना।
दरअसल, जिन किसानों ने अब तक बैंक जाकर केवाईसी (KYC) की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनकी किस्तें अटक गई हैं। ऐसे किसानों को हर साल 6 हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। जब तक वे बैंक जाकर केवाईसी नहीं करवाते, तब तक उन्हें यह राशि नहीं मिलेगी।
इसके अलावा दो हेक्टेयर से ज्यादा जमीन रखने वाले, आयकर देने वाले या सरकारी नौकरी में कार्यरत किसानों को इस योजना से बाहर रखा गया है। वहीं कई किसान ऐसे भी हैं जिन्होंने अपनी जमीन बेच दी है, लेकिन नामांतरण न होने के कारण अभी भी उनके नाम पर जमीन दर्ज है। ऐसे मामलों की भी जांच की जा रही है।
पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल तीन किस्तों में कुल 6 हजार रुपए केंद्र सरकार देती है, जिससे उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने हाल ही में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि बचे हुए किसानों को एक से दो महीने के भीतर योजना का लाभ दिलाया जाए।





