Smart City Game: स्मार्ट सिटी की आड़ में उजड़े दुकानदार, एक साल बाद भी नहीं मिला पुनर्वास

Smart City Game: बिलासपुर। बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित इमलीपारा रोड से एक साल पहले हटाए गए 80 दुकानदार आज भी अपने पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तोड़ी गई दुकानों के बदले निगम ने नए कॉम्प्लेक्स में दुकान देने का वादा किया था, लेकिन एक साल गुजर जाने के बाद भी इन दुकानदारों को न तो दुकानें मिलीं और न ही कोई स्पष्ट जानकारी।
8.96 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा नया व्यवसायिक परिसर इन्हीं प्रभावित दुकानदारों के लिए बनाया गया था। नगर निगम ने हाईकोर्ट में शपथ पत्र देकर यह भरोसा दिलाया था कि कॉम्प्लेक्स उन्हीं को नाममात्र शुल्क पर आवंटित किया जाएगा। लेकिन वादा अब तक सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया है, जिससे प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
रोजगार छिनने के बाद ये व्यापारी बेरोजगारी, कर्ज और सामाजिक असुरक्षा से जूझ रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की देखभाल भी अब चुनौती बन गई है। थक-हार कर इन व्यापारियों ने निगम के खिलाफ कैंडल जलाकर विरोध जताया है और अब सिर्फ एक सवाल पूछ रहे हैं — “आख़िर हमें हमारी दुकानें कब मिलेंगी?





