बिलासपुर: ट्रैफिक जाम से राहत के लिए चौराहों के चौड़ीकरण की तैयारी, नगर निगम को भेजा गया प्रस्ताव

बिलासपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक और रोज़ाना लगने वाले जाम को देखते हुए अब ट्रैफिक विभाग ने पहल की है। विभाग ने प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम को भेजा है।
ट्रैफिक विभाग की टीम ने महामाया चौक, नेहरू चौक, रामसेतु, इंदिरा सेतु, वसंत विहार चौक और अशोक नगर चौक जैसे व्यस्त चौराहों का निरीक्षण किया। सर्वे में पाया गया कि इन जगहों पर सड़कें काफी संकरी हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। कई बार तो एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी गाड़ियों को भी परेशानी होती है।
यातायात विभाग का कहना है कि यदि इन चौराहों को चौड़ा कर दिया जाए, तो ट्रैफिक की स्थिति काफी हद तक सुधर सकती है और लोगों को राहत मिलेगी।
हालांकि विभाग द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस जवाब नहीं आया है। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
शहरवासियों की भी मांग है कि जल्द से जल्द इस दिशा में कार्रवाई हो ताकि उन्हें रोज़ के जाम और परेशानी से छुटकारा मिल सके। ट्रैफिक विभाग का मानना है कि समय पर सही कदम उठाए गए तो ट्रैफिक नियंत्रण के साथ-साथ सड़क हादसों में भी कमी लाई जा सकती है।





