भिलाई: भारतीय सेना के सम्मान में बनाई गई पेंटिंग बनी लोगों के आकर्षण का केंद्र

भिलाई। शहर के सिविक सेंटर में लगी एक खास पेंटिंग इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रही है। यह पेंटिंग भिलाई के चर्चित कलाकार डॉ. अंकुश देवांगन ने भारतीय सेना को समर्पित करते हुए बनाई है।
इस पेंटिंग में एक नवविवाहिता महिला को दिखाया गया है, जिसकी शादी हुए सिर्फ 6 दिन हुए थे और अचानक ही वह विधवा हो गई। महिला की आंखों में सूख चुके आंसू, सिर झुका हुआ चेहरा और गहरे दर्द को बेहद भावुक तरीके से दर्शाया गया है। इस चित्र में उन्होंने “सिंदूर का बदला – पाकिस्तान हुआ कंगला” लिखा है, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
यह पेंटिंग उन कलाकारों की श्रृंखला का हिस्सा है, जिन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान को जवाब देने की कहानी को 100 फीट लंबी चित्र श्रृंखला में दिखाया है। इस चित्रण को देखने के लिए हर दिन सैकड़ों लोग पहुंच रहे हैं।
कलाकारों ने बताया कि सेना की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की हालत खराब हो गई थी और वह दुनिया की महाशक्तियों के सामने सीजफायर के लिए गिड़गिड़ाने लगा था।
इस आयोजन में शामिल लोगों ने भारतीय सेना के जवानों को देश का सच्चा हीरो बताया और तिरंगा लहराकर उन्हें सलामी दी।
डॉ. अंकुश देवांगन, जो कि छत्तीसगढ़ से ललित कला अकादमी के पहले बोर्ड सदस्य हैं, हमेशा से सामाजिक मुद्दों को अपनी कला के माध्यम से उठाते आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत को युद्ध की बजाय विकास पर ध्यान देना चाहिए, ताकि विदेशी कंपनियां भारत में निवेश करें।
उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में बढ़ती एकता और कश्मीर में शांति से पाकिस्तान घबरा गया है, और वह फूट डालने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि मिलकर भारत को आगे बढ़ाने में अपनी पूरी ताकत लगाएं।





