एआई और डीपफेक पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, सख्त नियमों की मांग

दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट आज शुक्रवार को एआई और डीपफेक टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई करेगा। याचिका में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को पक्षकार बनाते हुए मांग की गई है कि सोशल मीडिया पर एआई जनरेटेड और डीपफेक कंटेंट की पहचान और उसे हटाने के लिए सख्त और प्रभावी नियम बनाए जाएं।
याचिकाकर्ता का कहना है कि डीपफेक टेक्नोलॉजी से झूठी सूचनाएं तेजी से फैलाई जा रही हैं और यह सामाजिक, राजनीतिक और व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का माध्यम बनता जा रहा है। वर्तमान में डीपफेक कंटेंट की शिकायत के बाद 72 घंटे में कार्रवाई का प्रावधान है, लेकिन तब तक यह कई बार वायरल हो चुका होता है। हाल ही में अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का डीपफेक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उनकी जगह किसी अन्य का चेहरा लगाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया। इसके बाद एक और फर्जी वीडियो सामने आया, जिसमें वह लाल बिकनी में झरने के नीचे खड़ी नजर आईं।
रश्मिका मंदाना ही नहीं, अभिनेत्री आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, नोरा फतेही, क्रिकेटर विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, रतन टाटा और नारायण मूर्ति जैसे कई चर्चित नाम डीपफेक के शिकार हो चुके हैं। भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी हाल ही में लोकसभा में डीपफेक का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि वर्षों की मेहनत से बनाई गई पहचान को इन फर्जी वीडियो से क्षति पहुंच रही है। सुप्रीम कोर्ट की आज की सुनवाई से इस गंभीर तकनीकी चुनौती पर कानून की दिशा तय हो सकती है।





