रामा वर्ल्ड में प्रस्तावित धार्मिक कार्यक्रम रद्द, शंकराचार्य ने देशवासियों से की एकजुटता की अपील

बिलासपुर। रायपुर रोड स्थित रामा वर्ल्ड ग्राउंड में 28 मई से 6 जून तक प्रस्तावित श्री गो प्रतिष्ठा महायज्ञ, भविष्य पुराण पाठ और एक करोड़ आहुतियों वाला विशाल धार्मिक आयोजन अब रद्द कर दिया गया है।
यह निर्णय जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने देश के वर्तमान हालात को देखते हुए लिया है। स्वामी जी ने आगामी दो महीने तक भिलाई सहित सभी धार्मिक आयोजनों को स्थगित करने की घोषणा भी की है।
डिजिटल संदेश में किया एलान, देशहित को बताया सर्वोपरि
मेरठ से भेजे गए अपने डिजिटल संदेश में शंकराचार्य जी ने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान द्वारा भेजे गए आतंकियों ने भारत के निर्दोष नागरिकों की जान ली है। इसके जवाब में भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की है।
उन्होंने कहा, “यह कार्रवाई लंबी चल सकती है, और ऐसे समय में देश को एकजुट होकर सरकार और सेना के साथ खड़ा रहना चाहिए।”
“देश के साथ खड़ा होना ही इस समय सबसे बड़ा धर्म”
जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने अपील की कि हर नागरिक को प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री और सेना प्रमुखों के निर्णयों में पूरा सहयोग देना चाहिए ताकि उनका मनोबल बना रहे।
उन्होंने कहा, “भारत सदा से अपराजेय रहा है, और उसका पराक्रम बना रहे — इसके लिए हर संभव योगदान देना आवश्यक है।”
धार्मिक सेवा स्थगित, सेना सेवा के लिए तैयार
स्वामी जी ने यह भी कहा कि वे स्वयं को न केवल धार्मिक आयोजन से अलग रख रहे हैं, बल्कि जरूरत पड़ी तो सेना के शिविरों में सेवा कार्यों में हिस्सा लेने के लिए भी प्रस्तुत हैं।
उन्होंने सभी धार्मिक संस्थाओं और नागरिकों से भी अनुरोध किया कि वर्तमान संकट की घड़ी में आध्यात्मिक ऊर्जा का उपयोग देशहित में किया जाए।





