लाइव शो में पाक मंत्री की बोलती बंद, अफगान मूल की एंकर ने सुनाई सच्चाई

भारत पर झूठे आरोप लगा रहे पाक मंत्री को एंकर ने याद दिलाया ओसामा का ठिकाना और अपने ही रक्षा मंत्री के पुराने बयान

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार भारत के खिलाफ एक बार फिर जहर उगलते दिखे. स्काई न्यूज पर लाइव डिबेट के दौरान वे भारत की एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाने लगे. लेकिन तभी अफगान मूल की जानी-मानी पत्रकार यालदा हाकिम ने उन्हें बीच में ही रोककर सच्चाई का आईना दिखा दिया.

एंकर ने तरार को याद दिलाया कि खुद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कुछ दिन पहले माना था कि पाकिस्तान ने दशकों तक आतंकी संगठनों को फंडिंग और ट्रेनिंग दी है. इतना ही नहीं, यालदा ने परवेज मुशर्रफ, बेनजीर भुट्टो और बिलावल भुट्टो जैसे नेताओं के पुराने बयानों का भी ज़िक्र किया जो इसी बात की पुष्टि करते हैं.

तरार ने दावा किया कि पाकिस्तान में कोई आतंकी शिविर नहीं हैं और वे आतंकवाद के सबसे बड़े पीड़ित हैं. इस पर एंकर ने तुरंत कहा, “मैं पाकिस्तान जा चुकी हूं और हम जानते हैं कि ओसामा बिन लादेन एबटाबाद में ही पकड़ा गया था.”

डिबेट के दौरान यालदा ने यह भी याद दिलाया कि अमेरिका ने 2018 में पाकिस्तान की सैन्य मदद इसलिए बंद कर दी थी क्योंकि वह आतंकियों को पनाह दे रहा था.

जब पाक मंत्री ने एंकर को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया तो उन्होंने जवाब में ओसामा बिन लादेन की बात दोहराते हुए पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल खड़ा कर दिया.

एंकर के तीखे सवालों के सामने पाक मंत्री की दलीलें कमजोर पड़ गईं और पूरे शो में पाकिस्तान की असलियत सबके सामने आ गई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button