छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार स्तर पर तबादले, मनीष कुमार ठाकुर बने नए रजिस्ट्रार जनरल

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में प्रशासनिक सुदृढ़ता और न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन के उद्देश्य से रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। हाईकोर्ट प्रशासन द्वारा जारी आदेश में चार वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
मनीष कुमार ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (सतर्कता एवं सूचना/आर्थिकी) के पद पर कार्यरत रहे मनीष कुमार ठाकुर को अब रजिस्ट्रार जनरल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वे अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के प्रशासनिक मुखिया के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
मंसूर अहमद को रजिस्ट्रार (सतर्कता)
जशपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंसूर अहमद को स्थानांतरित कर रजिस्ट्रार (सतर्कता) पद पर पदस्थ किया गया है। उनके पास न्यायिक अनुशासन और सतर्कता संबंधी मामलों की निगरानी का दायित्व होगा।
निधि तिवारी को मिली न्यायिक अकादमी की कमान
निधि शर्मा तिवारी को छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर का निदेशक नियुक्त किया गया है। वे राज्य के न्यायाधीशों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों की निगरानी करेंगी।
अनिल कुमार पाण्डेय होंगे नए अपर रजिस्ट्रार
महासमुंद में पदस्थ अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पाण्डेय को अपर रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें न्यायालयीन प्रशासन से जुड़े कई तकनीकी और सहयोगात्मक कार्यों का संचालन सौंपा गया है।





