MNREGA News: मनरेगा से बनेगा निजी व सामुदायिक डबरी, 13 लाख रुपये स्वीकृत

MNREGA News: बिलासपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निजी डबरी एवं सामुदायिक डबरी का निर्माण किया जा रहा है। किसान के खेत में निजी डबरी का निर्माण कराने के लिए 3 लाख रूपए तक एवं सामुदायिक डबरी निर्माण के लिए 10 लाख रूपए की राशि स्वीकृत दी जाती है। किसान अपने खेत में डबरी का निर्माण कराना चाहते हैं तो वह ग्राम पंचायत के अलावा सीधे जिला पंचायत की मनरेगा शाखा में भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन कर सकते हैं।

जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि किसानों को फसल के लिए खेत में ही पानी मिले साथ ही जॉब कार्डधारी परिवारों को गांव में ही मजदूरी मूलक कार्य मिले ऐसी मंशा महात्मा गांधी नरेगा योजना की है इसलिए जिले में किसानों के खेत में डबरी का निर्माण की स्वीकृति लगातार दी जा रही है।

बारिश के पानी को सहेजने के लिए एक डबरी मिल जाएगी, जिससे ठंड और गर्मी के दिनों में फसल के लिए होने वाली पानी की दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा। किसान दोहरी फसल के साथ ही डबरी के आसपास सब्जी भाजी की बाड़ी भी लगा सकेंगे। वहीं डबरी के पानी का उपयोग मछली पालन के कार्य में उपयोगी साबित होगा। इसलिए किसानों को अपने खेतों में डबरी निर्माण कराने और जल संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए, ताकि अधिक और अच्छी फसलों की पैदावार हो सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button