Mockdrill: रेल दुर्घटना की रोकथाम के लिए मॉक ड्रिल का हुआ आयोजन, आपदा प्रबंधन में रेलवे और NDRF ने दिखाया तालमेल

Mockdrill: बिलासपुर। बिलासपुर मंडल के शहडोल स्टेशन पर रेल दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में रेलवे की आपदा प्रबंधन टीम और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने मिलकर राहत और बचाव कार्यों का जीवंत प्रदर्शन किया। अभ्यास का उद्देश्य था कि आपदा के समय किस तरह त्वरित और प्रभावी ढंग से सहायता पहुंचाई जा सकती है।
मॉक ड्रिल के दौरान एक सवारी गाड़ी के कोच में बम विस्फोट की काल्पनिक सूचना फैलाई गई, जिसमें एक यात्री की मौत और 14 के घायल होने की बात सामने आई। कोच में आग लगने की सूचना मिलते ही RPF, स्थानीय पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध पार्सल की जांच की और बम को निष्क्रिय किया। इसके बाद रेलवे की राहत टीम, NDRF और फायर ब्रिगेड ने मिलकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया।
इस अभ्यास की मॉनिटरिंग रेलवे मुख्यालय के वार रूम से की गई, जबकि मंडल स्तर पर डीआरएम व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बिलासपुर सहित अनूपपुर, उसलापुर, चांपा, रायगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए। साथ ही स्थानीय नागरिकों को आपदा प्रबंधन की जानकारी दी गई। इस संयुक्त अभ्यास में संरक्षा विभाग, NDRF, सिविल डिफेंस, स्काउट-गाइड, सेंट जॉन्स एंबुलेंस, वाणिज्य, चिकित्सा विभाग और RPF के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।





