जहर से मौत को बताया सर्पदंश, मुआवजे के लिए रची गई साजिश – वकील, डॉक्टर और परिजन बने आरोपी

बिलासपुर। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कर्ज से परेशान युवक की आत्महत्या को सांप के काटने से हुई मौत बताया गया, ताकि सरकार से तीन लाख रुपये मुआवजा लिया जा सके। इस साजिश में वकील, डॉक्टर और मृतक के परिजन भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
मामला 12 नवंबर 2023 का है, जब शिवकुमार घृतलहरे को उल्टी और मुंह से झाग आने की हालत में सिम्स अस्पताल लाया गया। 14 नवंबर को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उसे सांप ने काटा था, इसी आधार पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी तैयार करवा ली गई।
लेकिन पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ। असल में शिवकुमार ने शराब और ज़हर का सेवन कर आत्महत्या की थी, और मरने से पहले ये बात अपने परिजनों को भी बता दी थी।
इस पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड वकील कामता साहू बताया गया है, जिसने परिजनों को मुआवजा दिलाने का लालच देकर झूठी कहानी बनवाई। डॉक्टर प्रियंका सोनी ने भी सच्चाई जानते हुए गलत पोस्टमार्टम रिपोर्ट दी। पराग दास घृतलहरे, हेमंत कुमार और नीता घृतलहरे ने भी इसमें सहयोग किया।
पुलिस ने इनके खिलाफ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी), 511 (अपराध की कोशिश), और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत अपराध क्रमांक 194/2025 में मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी होगी।





