मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक पहुंचे माथमौर गांव, ग्रामीणों में खुशी की लहर

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलिकॉप्टर आज अचानक मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दूरस्थ आदिवासी गांव माथमौर में उतरा। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने स्वागत के लिए तुरंत पेड़ों से फूल तोड़कर गुलदस्ता बनाया।
मुख्यमंत्री साय ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे लगाकर अपनी बात की शुरुआत की। वे शासकीय योजनाओं की जमीनी सच्चाई जानने के लिए गांव पहुंचे थे। गांव के सरपंच को उन्होंने अपने पास बिठाकर बात की और ग्रामीणों की समस्याएं ध्यान से सुनीं।
मुख्यमंत्री को इतने पास देखकर कई ग्रामीण भावुक हो गए और अपनी बात कहने को आतुर दिखे। माथमौर गांव मध्यप्रदेश की सीमा से सटा हुआ है और यह आदिवासी बहुल इलाका है। मुख्यमंत्री की यह पहल गांव के लोगों के लिए एक बड़ी उम्मीद की किरण लेकर आई है।





