राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने ली समीक्षा बैठक, कहा-भू-माफिया को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा

बिलासपुर, छत्तीसगढ़ |
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा बुधवार को एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभा कक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली, जहां जिले के राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में लंबित मामलों, भूमि नामांतरण और रजिस्ट्री प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
पेंडिंग मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश
बैठक में मंत्री वर्मा ने लंबित राजस्व मामलों को तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान जनता की प्राथमिक आवश्यकता है और प्रशासन को इसमें कोई लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
रजिस्ट्री के साथ नामांतरण व्यवस्था पर ज़ोर
सरकार द्वारा हाल ही में लागू की गई जमीन की रजिस्ट्री के तत्काल बाद नामांतरण प्रक्रिया की सुविधा को लेकर मंत्री वर्मा ने कहा कि यह आमजन को राहत देने वाला निर्णय है, जिसे जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस व्यवस्था की निगरानी खुद सुनिश्चित करें ताकि जनता को कोई असुविधा न हो।
भू-माफियाओं पर सख्त रुख
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने भू-माफियाओं को किसी कीमत पर न बख्शने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों या आम नागरिकों की जमीनों पर अवैध कब्जा या फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मंत्री वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए “तोर सरकार तोर द्वार” जैसे कार्यक्रम चला रही है। इसके ज़रिए शासन आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनकर मौके पर ही समाधान देने की कोशिश कर रही है।
भारतमाला प्रोजेक्ट पर भी जताई चिंता
पत्रकारों से चर्चा में भारतमाला प्रोजेक्ट के अंतर्गत जमीन अधिग्रहण में सामने आई गड़बड़ियों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय की गंभीरता से जांच की जा रही है और जहां भी अनियमितता सामने आएगी, वहां कठोर कदम उठाए जाएंगे।





