मुस्लिम समाज के हित में है वक्फ संशोधन कानून: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

बिलासपुर। वक्फ संशोधन कानून को लेकर देशभर में फैले भ्रम को दूर करने और जागरूकता फैलाने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निवास कार्यालय में “वक्फ सुधार जनजागरण कार्यक्रम” आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से मुस्लिम समाज के प्रमुख लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वक्फ संशोधन कानून मुस्लिम समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके भले के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून का उद्देश्य मुस्लिम समाज, खासकर गरीब और पिछड़े वर्गों के लोगों को उनका हक दिलाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले वक्फ संपत्तियों का गलत इस्तेमाल हो रहा था। कुछ प्रभावशाली लोगों ने इन संपत्तियों से अपना फायदा उठाया, जिससे जरूरतमंद मुसलमानों तक मदद नहीं पहुंच पाई। अब इस संशोधन के बाद वक्फ संपत्तियों से होने वाली आमदनी का पूरा हिसाब रखा जाएगा और यह पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज की भलाई में खर्च होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘विकसित भारत’ का सपना तभी पूरा होगा जब हर समाज का विकास हो, और कोई भी वर्ग पीछे न रहे।

कार्यक्रम में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने भी कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। वक्फ कानून में हुआ बदलाव मुस्लिम समाज को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

इस अवसर पर विधायक किरण देव, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, वक्फ बोर्ड के सीईओ डॉ. एस. एफ. फारूकी समेत कई मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button