कोटा: रेत खनन को लेकर दो गुटों में विवाद, युवक को लगी गोली

बिलासपुर। ज़िले के कोटा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो गुटों के बीच हुए विवाद में गोली चल गई, जिससे एक युवक घायल हो गया। यह घटना लमेर गांव की है, जहां अवैध रेत उत्खनन और वसूली को लेकर दो गुटों के बीच झगड़ा चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोंविद यादव और हेमंत यादव नाम के दो लोग अपने-अपने गुट बनाकर रेत ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों से ज़बरदस्ती पैसे वसूलते हैं। बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक गुट ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
गोली गिरजा शंकर यादव (31), पिता मनीराज यादव, के पैर में जा लगी। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ने बयान दिया है कि गोली गलती से चल गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, कोटा और कोनी इलाके में बड़े पैमाने पर अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन और ट्रैक्टर चालकों से उगाही की जा रही है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार पर नकेल कसने की तैयारी में है।





