जांजगीर: खदान में ट्रैक्टर गिरने से ड्राइवर की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

जांजगीर। जिले के तरौद गांव में एक खदान में बड़ा हादसा हो गया। एक ट्रैक्टर खदान में गिरने से ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर मृतक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया और खदान प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा खदान प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि मृतक चालक के परिवार को उचित मुआवजा मिले और उसके बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी प्रशासन ले।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की। कई घंटे तक चला चक्काजाम के कारण यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार की मदद के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल चक्काजाम खत्म कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में अब स्थिति सामान्य है।





