शादी समारोह के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला, 15 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती

अभनपुर, छत्तीसगढ़ |
ग्राम परसदा में एक शादी समारोह के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है, जिसमें 15 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। सभी को तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
करमत्ता भाजी बनी कारण?
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्राम परसदा में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में गांव के कई लोगों और रिश्तेदारों ने भोजन किया। लेकिन भोजन के कुछ समय बाद ही कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीमार हुए सभी लोगों ने करमत्ता भाजी की सब्जी खाई थी। आशंका जताई जा रही है कि सब्जी में कुछ गड़बड़ी की वजह से फूड पॉइजनिंग हुई।
डॉक्टरों की निगरानी में सभी मरीज
नवापारा सीएचसी प्रभारी डॉ. तेजेंद्र साहू ने जानकारी दी कि फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते करीब 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी की हालत अब स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
डॉ. साहू ने बताया— “सभी मरीजों का इलाज जारी है। स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। ठीक होने के बाद सभी को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया जाएगा।”
ग्रामीणों में चिंता, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
इस घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शादी में परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही है, ताकि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा सके।





