रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हुए रवाना, सुशासन तिहार में मिल रही जनता को राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना हुए। वे सुशासन तिहार-2025 से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने निकले हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार इस साल सुशासन तिहार मना रही है, जिसका मकसद शासन को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाना है। इस महाअभियान की शुरुआत 8 अप्रैल से हुई थी। पहले चरण में 11 अप्रैल तक गांवों और शहरों के वार्डों में शिविर लगाकर लोगों से उनकी समस्याएं और मांगें पूछी गईं।
लोग आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकें, इसके लिए गांवों से लेकर जिला मुख्यालय तक समाधान पेटियां रखी गई थीं। साथ ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई थी।
अब तक इस अभियान में 40 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। इनमें लोगों की समस्याएं, मांगें और योजनाओं से जुड़ी बातें शामिल हैं। प्रशासन ने इन आवेदनों को विभागों के हिसाब से बांटकर सुराज पोर्टल पर अपलोड किया है। समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी पारदर्शी ढंग से चल रही है, और लोगों को उनके आवेदन की स्थिति की जानकारी समय पर दी जा रही है।
अब तीसरे चरण की तैयारी चल रही है, जिसमें सरकार लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी। शिविरों में लोगों को योजनाओं के आवेदन फॉर्म दिए जाएंगे और पात्रता के आधार पर उन्हें योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। साथ ही ग्रामीणों को इन योजनाओं का फायदा उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।





