कांकेर: जादू-टोने के शक में नाबालिग की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कांकेर जिले के लारगांव मरकाटोला में एक हैरान करने वाली हत्या की घटना सामने आई है। यहां घर में काम करने वाले नौकर ने जादू-टोने के शक में नाबालिग लड़की की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह घटना 3 मई 2025 की सुबह हुई।
मीनाक्षी मरकाम नामक नाबालिग लड़की के पिता ललता मरकाम, उनकी पत्नी बालो बाई और बेटी टिकेश्वरी सुबह 8 बजे बैलगाड़ी से खेत गए थे। जब वे 10:30 बजे वापस लौटे तो देखा कि मीनाक्षी खून से लथपथ पूजा कमरे के सामने पड़ी थी। घर में काम करने वाले मजदूर तुलसी राम निषाद हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लिए वहां खड़ा था। जब ललता ने हत्या की वजह पूछी तो तुलसी राम ने बताया कि मीनाक्षी उस पर जादू-टोना कर रही थी, इस कारण उसने उसे कुल्हाड़ी से मार डाला।
हालांकि मीनाक्षी को लहूलुहान देखकर उसकी मां और बहन उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।





