रायगढ़: गांवों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की बड़ी पहल

रायगढ़ जिले में आज पुलिस की ओर से सभी थानों में ग्राम सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों का नेतृत्व एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में किया गया।

थाना प्रभारियों ने इन बैठकों में ग्राम कोटवारों, समाजसेवियों, मेधावी छात्रों, स्वच्छता दीदियों और पुलिस मित्रों को न सिर्फ उनके अच्छे कार्यों के लिए सम्मानित किया, बल्कि उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भागीदार बनने के लिए प्रेरित भी किया।

बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने कोटवारों को बताया कि गांव में कोई बाहरी व्यक्ति अवैध रूप से रह रहा हो, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मुसाफिरों, फेरीवालों और दूसरे प्रांतों से आए लोगों पर नजर रखने की बात भी कही गई। साथ ही किसी भी घटना, झगड़े या दुर्घटना की सूचना तुरंत थाने या बीट पुलिस को देने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में पुलिस ने समाज के प्रेरणादायक लोगों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम कोटवार, शिक्षक, स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग देने वाले लोग, स्वच्छता दीदियाँ, हाथी मित्र और मानवता की मिसाल बने लोग शामिल रहे। सभी को प्रशस्ति पत्र, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर पुलिस ने लोगों से डॉयल 112, कंट्रोल रूम और अधिकारियों के नंबर साझा किए और कहा कि वे अपने सुझाव देकर पुलिस की जनहित योजनाओं को मजबूत बनाएं।

इस पहल को आम जनता की भागीदारी से अपराध रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे गांवों में सुरक्षा, सहयोग और जागरूकता का माहौल बनेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button