Police negligence: पुलिस की लापरवाही से हेवेन्स पार्क बार बना नशेड़ियों का अड्डा, राहगीरों को बदमाश बना रहे निशाना

Police negligence: बिलासपुर। बिलासपुर शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित हेवेन्स पार्क बार एक बार फिर विवादों में है। शनिवार देर रात बार में नशे में धुत युवकों के बीच जमकर झगड़ा हुआ, जो बार के बाहर सड़क तक फैल गया। बेखौफ नशेबाजों ने राहगीरों को परेशान किया और देर रात तक हंगामा मचाते रहे, लेकिन पुलिस की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे शहर की शांति व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
शनिवार रात करीब 1:30 बजे हेवेन्स पार्क बार से निकले नशे में चूर युवकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। युवकों ने सड़क पर उत्पात मचाना शुरू कर दिया, जिससे अग्रसेन चौक से लेकर पुराने बस स्टैंड तक अफरा-तफरी फैल गई। डर के कारण राहगीरों ने रास्ता बदल लिया। वहीं, नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बार देर रात तक खुला रहा और शराब परोसी जाती रही, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हेवेन्स पार्क बार में इससे पहले भी नशाखोरी, मारपीट और हंगामे की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन न पुलिस सख्त होती है और न प्रशासन जागता है। इस मामले पर थाना सिविल लाइन टीआई एस.आर. साहू ने कहा कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पेट्रोलिंग टीम भेजी गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचने तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी और किसी ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।





