महासमुंद में “सुशासन तिहार-2025” का तीसरा चरण शुरू, 49 समाधान शिविर लगेंगे

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज प्रेस वार्ता में “सुशासन तिहार-2025” के तीसरे और अंतिम चरण की शुरुआत की जानकारी दी। यह प्रेस वार्ता कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई थी।
कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य है जनता की समस्याओं का समय पर समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में “सुशासन तिहार” मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले में इसका पहला चरण 8 से 11 अप्रैल तक चला था, जिसमें आम जनता से बड़ी संख्या में आवेदन लिए गए। दूसरे चरण में इन आवेदनों को स्कैन कर संबंधित विभागों को भेजा गया और समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।
अब तीसरा चरण 5 मई से 30 मई तक चलेगा, जिसमें जिले भर में कुल 49 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें से 8 शिविर नगर निकाय क्षेत्रों में और 41 शिविर जनपद पंचायत क्षेत्रों में लगेंगे।
नगर निकाय क्षेत्र में महासमुंद में 3 शिविर होंगे, जबकि बागबाहरा, पिथौरा, बसना, सरायपाली और तुमगांव में 1-1 शिविर लगाए जाएंगे। जनपद पंचायत क्षेत्रों में पिथौरा में 10, महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली में 8-8 और बसना में 7 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में लोगों को उनके आवेदन की स्थिति बताई जाएगी और मौके पर ही समाधान की कोशिश की जाएगी। साथ ही पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा भी दी जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि अब तक जिले में कुल 1,82,099 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 1,76,725 आवेदनों का समाधान किया जा चुका है। यह सुशासन तिहार जिले के लिए एक बड़ी पहल है जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।





