कांग्रेस की ‘स्वास्थ्य न्याय यात्रा’ 2 मई से शुरू, निजी अस्पतालों की मनमानी और सरकारी लापरवाही पर उठाए सवाल

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं और निजी अस्पतालों की मनमानी के खिलाफ कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाया है। बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी 2 मई से ‘स्वास्थ्य न्याय यात्रा’ की शुरुआत करने जा रही है। यह यात्रा अपोलो अस्पताल रोड से शुरू होकर चांटीडीह होते हुए नेहरू चौक पर खत्म होगी।

कांग्रेस का कहना है कि शहरों में मरीजों से लूट हो रही है, वहीं गांवों में इलाज के लिए भी ठीक से डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है और कई जगह फर्जी डॉक्टर इलाज कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने निजी अस्पतालों, खासकर अपोलो हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ये अस्पताल सरकार की योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं नहीं दे रहे हैं और मरीजों से मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल की अपोलो में हुई मौत को लेकर भी कांग्रेस ने अस्पताल पर लापरवाही और फर्जी डॉक्टरों के कारण जान जाने का आरोप लगाया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी और शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि यह यात्रा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता के स्वास्थ्य अधिकार के लिए निकाली जा रही है। यात्रा जिले से लेकर गांव-गांव तक जाएगी ताकि हर व्यक्ति को बेहतर इलाज का हक मिल सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button