रायपुर: नक्सल पीड़ितों से मिले राज्यपाल रमेन डेका, मदद का दिया भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में बस्तर क्षेत्र के कांकेर, नारायणपुर और सुकमा जिले के नक्सल हिंसा से पीड़ित ग्रामीणों ने मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं साझा कीं।
राज्यपाल डेका ने सभी पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जो सहायता राशि सरकार की ओर से दी गई है, उसका सही तरीके से उपयोग होना चाहिए।
राज्यपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पहल पर केंद्र सरकार बस्तर क्षेत्र को 2026 तक नक्सल मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सड़क, मोबाइल नेटवर्क और अन्य जरूरी सुविधाएं तेजी से पहुंचाई जा रही हैं। बस्तर क्षेत्र में विकास और पर्यटन की भी काफी संभावनाएं हैं।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, सुकमा जिले के राहुल सोड़ी के इलाज के लिए एम्स रायपुर में व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।





