छोटे किसान रमाकांत पटेल ने आधुनिक खेती से बदली किस्मत, 0.40 हेक्टेयर में कमाए 5 लाख रुपए

महासमुंद। सरायपाली ब्लॉक के ग्राम पण्डरीपानी के छोटे किसान रमाकांत पटेल ने साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों और तकनीक का सही इस्तेमाल किया जाए, तो खेती से भी खुशहाली लाई जा सकती है। जहां ज्यादातर किसान आज भी पारंपरिक खेती पर निर्भर हैं, वहीं रमाकांत ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर और नई तकनीकों को अपनाकर खेती को मुनाफे का जरिया बना लिया है।
रमाकांत ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना 2024-25 के तहत मिली मदद से सिर्फ 0.40 हेक्टेयर जमीन में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती शुरू की। उन्होंने परंपरागत तरीकों की जगह ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग और आधुनिक कृषि यंत्रों का इस्तेमाल किया। इसका नतीजा यह रहा कि उन्हें 300 क्विंटल बैंगन की जबरदस्त पैदावार मिली, जिससे करीब 5 लाख रुपए की आमदनी हुई। रमाकांत का कहना है कि अगर बाजार में भाव और अच्छे होते, तो कमाई और भी ज्यादा हो सकती थी।
अपनी इस सफलता से प्रेरित होकर रमाकांत ने अब 3 एकड़ में मिर्च, बैंगन और करेला की खेती भी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ उठाकर और आधुनिक तरीके अपनाकर छोटे किसान भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं और सब्जी की खेती से अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।
रमाकांत पटेल की कहानी बताती है कि अगर नीति, तकनीक और मेहनत का सही मेल हो, तो गांवों से भी समृद्धि की नई कहानियां लिखी जा सकती हैं।





