छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: बारिश और ओलावृष्टि से बड़ी राहत, कई जिलों में बिजली गुल..

मौसम
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से झुलस रहे लोगों को आखिरकार राहत मिल गई है। सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। इससे तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है और लोगों ने चैन की सांस ली है।
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा और कवर्धा जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरे, जिससे देखते ही देखते सड़कों पर सफेद ओलों की चादर बिछ गई। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में तो तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
कोरबा जिले में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। ओलावृष्टि के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कवर्धा में अधिकतम तापमान जहां पहले 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, वहीं अब यह घटकर 37 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वहीं, राजधानी रायपुर में भी हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर दिखा।
वनांचल क्षेत्र के दो दर्जन से ज्यादा गांवों में बिजली गुल है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बारिश से भले ही गर्मी में राहत मिली हो, लेकिन किसानों को फसल नुकसान की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था और आगामी 24 घंटों में राज्य के और भी हिस्सों में मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है।





