सकरी में चोरों का आतंक: सूने मकान से 3 लाख के जेवर और नकदी पार

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक बार फिर चोरों ने पुलिस को चुनौती दी है। अमेरी चंदा कॉलोनी में एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 3 लाख रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद भी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के मुताबिक, खम्हरिया लौदा निवासी विक्रम जाटवर, जो मस्तूरी के लोहर्सी सोन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन हैं, अमेरी चंदा कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। 15 अप्रैल को वह परिवार सहित अपने गांव शादी समारोह में शामिल होने गए थे। 19 अप्रैल को वे गैस सिलेंडर लेने के लिए घर लौटे थे, लेकिन तब तक सब कुछ सामान्य था। 26 अप्रैल की शाम जब वे फिर से घर लौटे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी से नकदी और जेवर गायब थे।
चोर घर से 80 हजार रुपए नकद, सोने के झुमके, एक माला जिसमें 8 सोने के लॉकेट थे, एक बच्चों का लॉकेट, चार जोड़ी पायल, एक हाफ करधन, चाबी का छल्ला, बिछिया, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ और 5 चांदी के सिक्के चुरा ले गए। चोरी की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है।
सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि सकरी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आसमा सिटी, सागर होम्स और सम्बलपुर कन्हैया धाम में भी पहले चोरियां हो चुकी हैं। अब अमेरी चंदा कॉलोनी की इस ताजा घटना ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।





