जशपुर में मेडिकल एजुकेशन के नाम पर फर्जीवाड़ा, छात्रों ने दर्ज कराई शिकायत

कुनकुरी।जशपुर जिले से एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां मेडिकल एजुकेशन के नाम पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। साध्य पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस कॉलेज, जो कुनकुरी के खेल मैदान के सामने संचालित हो रहा है, पर फर्जी तरीके से परीक्षा आयोजित कराने का आरोप लगा है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, छात्रों की परीक्षा के लिए पहले से निर्धारित केंद्र—स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कुनकुरी और महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर को अचानक बदलकर एक निजी कार्यालय में परीक्षा करवाई जा रही थी। छात्रों को बिना किसी पूर्व सूचना के निजी दफ्तर में बुलाया गया, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया खुलासा, छात्रों ने दर्ज कराई शिकायत
रविवार सुबह करीब 10 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील को इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। वे तत्काल मौके पर पहुंचे और वहां का दृश्य देख हैरान रह गए। कुछ छात्र-छात्राएं पहले से परीक्षा दे रहे थे, तो कुछ भटकते हुए कार्यालय पहुंच रहे थे और प्रश्न पत्र की प्रतीक्षा कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मीडिया भी मौके पर पहुंच गई। सवालों की बौछार होते देख कॉलेज के पदाधिकारी और कर्मचारी कैमरों से बचते हुए मौके से फरार हो गए।
इस घटना से नाराज छात्रों ने कुनकुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया गया है, जिनसे कॉल कर छात्रों को परीक्षा स्थल बदलने की सूचना दी गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।





