बिलासपुर में वकीलों ने निकाली आक्रोश रैली, पहलगाम आतंकी हमले का किया विरोध

बिलासपुर – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ बिलासपुर के वकीलों ने गुरुवार को आक्रोश रैली निकाली। जिला अधिवक्ता संघ ने शोकसभा आयोजित कर हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।
अधिवक्ताओं ने जिला न्यायालय परिसर में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद वकीलों ने कोर्ट परिसर से नेहरू चौक तक मार्च निकाला और कैंडल जलाकर हमले के विरोध में नारेबाजी की।
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष दाऊराम चंद्रवंशी ने मांग की कि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़कर उनके खिलाफ विशेष न्यायालय में कड़ी कार्रवाई की जाए। संघ के सचिव रवि पांडेय ने कहा कि आतंकवादियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, कोषाध्यक्ष पीआर श्रीवास ने पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह हमले में शामिल है, तो उस पर कड़ा एक्शन लिया जाना चाहिए, ताकि शहीदों को न्याय मिल सके।
पूरे देश की तरह बिलासपुर के वकील भी इस घटना से आहत हैं और आतंक के खिलाफ एकजुटता दिखा रहे हैं।





