पंचायत चुनाव की रंजिश में घर पर पत्थरबाजी, पीड़िता ने जान से मारने की दी गई धमकी का लगाया आरोप

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के ग्राम महमंद से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक परिवार पर लगातार पत्थरबाजी की जा रही है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़ित नरेश पाल ने बताया कि करीब दो महीने पहले हुए पंचायत चुनाव में उन्होंने और उनके परिवार ने वार्ड के पंच दिनेश कुमार पाल को वोट नहीं दिया था। इसी बात से नाराज होकर दिनेश पाल द्वारा उनके घर पर लगातार पत्थर फेंके जा रहे हैं।
नरेश पाल और उनकी पत्नी प्रियंका पाल ने इसकी शिकायत तोरवा थाना में दर्ज करवाई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रियंका पाल ने बताया कि एक बार पत्थरबाजी के दौरान उनके पैर में चोट लग गई थी, जिसका इलाज सिम्स अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित परिवार ने अब जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग करते हुए खुली शिकायत की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।





