भक्ति और परंपरा का संगम, सोलापुरी माता महोत्सव का भव्य समापन..

बिलासपुर | सिरगिट्टी — शुभम विहार में आयोजित श्री श्री सोलापुरी माता पूजा महोत्सव का रविवार को भव्य और भक्तिमय समापन हुआ। सात दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और महाकुंभम पूजा में सम्मिलित होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
21 व्यंजनों का भोग और महाभोग वितरण
वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ सोलापुरी माता को 21 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। पूजा उपरांत महाभोग को प्रसाद के रूप में उपस्थित भक्तों में वितरित किया गया।
सुबह से ही पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। सिर पर पूजन सामग्री लिए भक्त माता के दर्शन और पूजा में शामिल होने के लिए पहुंचे।

गर्मी की बीमारियों से सुरक्षा की कामना
मान्यता है कि सोलापुरी माता की पूजा से गर्मी में होने वाली बीमारियों से राहत मिलती है, और क्षेत्र में ठंडक बनी रहती है। भक्तों ने माता से परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद मांगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन माता के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन कराए गए, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
विसर्जन शोभायात्रा और बाघ नृत्य बना आकर्षण
महोत्सव के समापन पर माता का भव्य विसर्जन किया गया। शोभायात्रा में युवाओं ने पारंपरिक बाघ नृत्य की प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मार्ग में जगह-जगह फूलों से सजे तोरणद्वार श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए बनाए गए थे।





