ऑटो में बुजुर्ग महिला से लूट, नशीला पानी पिलाकर की वारदात

बिलासपुर में एक बुजुर्ग महिला के साथ धोखाधड़ी और लूट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली 65 वर्षीय हेमलता भोंसले दवा लेने निकली थीं, तभी तीन अजनबियों ने उन्हें अपने झांसे में लेकर ऑटो में बैठा लिया और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
घटना बुधवार शाम करीब 6:30 बजे की है। आरोपियों में एक नाबालिग लड़की, एक महिला और एक अधेड़ उम्र का पुरुष शामिल था। उन्होंने पीड़िता से कहा कि वे उन्हें घर छोड़ देंगे। लेकिन ऑटो में बैठाने के बाद वे अलग-अलग रास्तों पर घुमाने लगे। रास्ते में उन्होंने पीड़िता को पानी की बोतल दी, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पानी पीते ही महिला बेहोश हो गई।
इस दौरान आरोपियों ने महिला के हाथ से सोने के कंगन और 6000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद उन्होंने पीड़िता को यादव गार्डन के पास फेंक दिया और फरार हो गए। महिला करीब चार घंटे तक बेहोश पड़ी रही। रात करीब 10:30 बजे परिजन उन्हें तलाशते हुए वहां पहुंचे और घर ले आए।
महिला के पास एक बैग भी मिला, जिसमें नकली नोटों जैसे कागजों के बंडल भरे थे। डरी-सहमी पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।





