पानी की टंकियों पर प्राइवेट कंपनी का प्रचार, सरकारी योजना गायब – प्रशासन की लापरवाही से गांव परेशान

तखतपुर: भीषण गर्मी में जब गांवों में पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं, ऐसे समय में जिम्मेदार अधिकारी अपनी आंखें मूंदे हुए हैं। खमरिया गांव की शासकीय पानी की टंकी पर ‘अमृत जल जीवन मिशन’ जैसी सरकारी योजना की जानकारी होनी चाहिए थी, लेकिन वहां एक प्राइवेट सीमेंट कंपनी का बड़ा विज्ञापन चस्पा किया गया है।
ये टंकी मुख्य सड़क के किनारे बनी है, जिसे हर दिन हजारों लोग देखते हैं। अगर यहां सरकारी योजना की जानकारी होती, तो लोगों को इसका फायदा मिलता और जागरूकता भी बढ़ती। लेकिन इसके बजाय निजी कंपनी का प्रचार किया जा रहा है, जो शासकीय संपत्ति का गलत उपयोग है।
खमरिया ही नहीं, तखतपुर क्षेत्र की कई अन्य पानी टंकियों में भी ऐसा ही हाल है। न तो जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक इस पर कोई कार्रवाई की है और न ही इस गलत प्रचार को हटवाया गया है।
जब गांव वाले पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं, ऐसे में विभाग की ये लापरवाही चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने मांग की है कि शासकीय टंकियों से निजी प्रचार तुरंत हटाया जाए और वहां सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि जनता को सही जानकारी और लाभ मिल सके।





