कोरेक्स तस्कर गिरफ्तार, बनारस से लाकर बिलासपुर में बेच रहा था नशे का जहर

बिलासपुर: नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उस्लापुर इलाके से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कोरेक्स सिरप की तस्करी कर उसे बेचने की फिराक में था।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उस्लापुर ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश दी और युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से दर्जनों शीशियों में नशीली कोरेक्स सिरप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम विकास साहू है, जो मंगला इलाके का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह नशीली सिरप बनारस से ट्रेन के जरिए लाता था और बिलासपुर में बेचने की कोशिश कर रहा था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





