मंगला चौक में भीषण आग, 7 दुकानें जलकर राख , 25 लाख से अधिक का नुकसान

बिलासपुर। शहर के मंगला चौक इलाके में मंगलवार देर रात एक भीषण अग्निकांड में सात दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस आगजनी में सबसे ज़्यादा नुकसान एक फर्नीचर दुकान को हुआ है, जहां करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
रात चार बजे भड़की आग, दुकानें बनीं आग का गोला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना रात करीब 4 बजे की है, जब बाजार पूरी तरह बंद था। मंगला चौक के पास स्थित दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। बाजार में ड्यूटी पर तैनात चौकीदार ने सबसे पहले फर्नीचर दुकानदार को फोन कर सूचना दी, लेकिन जब तक वो मौके पर पहुंचा, तब तक आग दूसरी दुकानों तक फैल चुकी थी।
देखते ही देखते, फर्नीचर, फल-सब्ज़ी, लांड्री, कपड़े और चाय की दुकानों में रखा सारा सामान जल गया। फर्नीचर दुकान में खड़ा एक छोटा हाथी वाहन भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
जांच में जुटी पुलिस, शॉर्ट सर्किट की आशंका
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आगजनी की वजह का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसका संभावित कारण माना जा रहा है।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग अपना कहर दिखा चुकी थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, और पीड़ित दुकानदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
सीएसपी निमितेश सिंह ने कहा:
हम जांच कर रहे हैं कि आग कैसे लगी। प्रारंभिक रिपोर्ट शॉर्ट सर्किट की ओर इशारा कर रही है, लेकिन पुष्टि के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
ग्राहकों के कपड़े, फल-सब्ज़ी और चाय का सामान भी खाक
लांड्री दुकान में रखे सैकड़ों ग्राहकों के कपड़े, सब्ज़ी-फल की दुकान का ताजा स्टॉक, चाय की दुकान का सामान — सब कुछ राख में बदल गया। दुकानदारों का कहना है कि उनके लिए सब कुछ खत्म हो गया है और अब प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की जा रही है।
दुकानदारों ने की मुआवज़े की मांग
पीड़ित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मुआवज़े की गुहार लगाई है। स्थानीय व्यापारी संघ ने भी प्रशासन से प्रभावित व्यापारियों की मदद करने की अपील की है।





