बिलासपुर में नए कानूनों पर पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण

बिलासपुर, 15 अप्रैल – बिलासपुर रेंज में सोमवार को भारतीय न्याय प्रणाली के तीन नए कानूनों पर पुलिस अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह सत्र रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, दूरसंचार इकाई और जिला बल के कुल 16 राजपत्रित अधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य 01 जुलाई 2024 से लागू होने वाले तीन नवीन कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023—की बारीकियों और प्रावधानों की गहन जानकारी देना था। कार्यक्रम का उद्घाटन IG डॉ. संजीव शुक्ला ने किया, जिन्होंने अपने संबोधन में इन कानूनों में हुए अहम बदलावों, विशेष रूप से डिजिटल साक्ष्य की स्वीकार्यता जैसे प्रावधानों को रेखांकित किया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने भारतीय न्याय संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर प्रस्तुति दी, जबकि एएसपी अर्चना झा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता पर जानकारी साझा की।
इस कार्यशाला में 6वीं, 11वीं, 2री और 13वीं वाहिनी, दूरसंचार इकाई तथा जिला बल से उप सेनानी सुरेशा चौबे, संतोष बोरकर समेत 09 सहायक सेनानी, 03 उप पुलिस अधीक्षक (दूरसंचार), और सारंगढ़ व मुंगेली से 01-01 डीएसपी शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों ने नवीन कानूनी धाराओं की व्याख्या और व्यावहारिक अनुप्रयोग को लेकर गहन चर्चा की।





